देवघर में विश्व प्लंबर दिवस पर प्लंबरों को किया गया सम्मानित, जल संरक्षण का दिया संदेश

IMG 20260311 WA0004

IMG 20260311 WA0000

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम, जल जीवन मिशन में प्लंबरों की भूमिका को बताया अहम

देवघर | 11 मार्च 2026

देवघर में जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जल महोत्सव के तहत विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने की।

इस दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई प्लंबरों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने और पाइपलाइन के कुशल रखरखाव में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्लंबर जल जीवन मिशन की एक मजबूत कड़ी हैं, जिनकी सक्रियता से ही पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने जल को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि 8 मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) से शुरू हुआ जल महोत्सव पखवाड़ा 22 मार्च (विश्व जल दिवस) तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है।

जल महोत्सव के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जन-जागरूकता रैलियां, संवाद कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान तथा जनभागीदारी आधारित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता देवघर व मधुपुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।